राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजसमंद जिले के प्रवास के दौरान कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भोप जी की भागल गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यह दौरा बच्चों को दी जा रही सुविधाओं, पोषण, स्वच्छता, शिक्षण गतिविधियों और केंद्र के बुनियादी ढांचे की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, शैक्षणिक सामग्री और खेल-कूद की सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। बच्चों के साथ कुछ पल बिताकर उन्होंने कविताएं सुनीं और बातचीत की। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि बच्चों को पोषणयुक्त भोजन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। हर बच्चे को प्रारंभिक शिक्षा और पोषणयुक्त वातावरण मिलना चाहिए, क्योंकि यही उनके उज्ज्वल और सशक्त भविष्य की नींव है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता यही है कि कोई भी बच्चा सुविधाओं से वंचित न रहे। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और यह जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण से निभाई जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को शुरुआती वर्षों में ऐसा वातावरण मिले, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सके। इस अवसर पर अधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।