थईयात गांव के पास दोपहर 3:30 बजे हादसा, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाई कई जानें। झुलसे यात्रियों को जवाहिर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जैसलमेर: मंगलवार दोपहर जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 3 बच्चों और 3 महिलाओं सहित 11 लोग झुलस गए। सभी घायलों को राजकीय जवाहिर अस्पताल, जैसलमेर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, निजी बस में कुल 57 यात्री सवार थे। बस रोजाना की तरह दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में करीब 15–20 किलोमीटर दूर थईयात गांव के पास अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।