जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट ने मंगलवार को न्यू फंड ऑफरिंग (NFO) के तहत पाँच नए इंडेक्स फंड लॉन्च किए हैं। इनमें शामिल हैं: जियोब्लैकरॉक निफ्टी-50 इंडेक्स फंड, निफ्टी नेक्स्ट-50 इंडेक्स फंड, निफ्टी मिडकैप-150 इंडेक्स फंड, निफ्टी स्मॉलकैप-250 इंडेक्स फंड और निफ्टी 8-13 वर्षीय जी-सेक इंडेक्स फंड।
इन फंडों का एनएफओ 5 अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। जियो ब्लैकरॉक एक संयुक्त उद्यम है, जिसमें जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और ब्लैकरॉक की साझेदारी है।
कंपनी के सीईओ सिड स्वामीनाथन ने बताया कि ये इंडेक्स फंड खासतौर पर डिजिटल-फर्स्ट और डेटा-संचालित निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ब्लैकरॉक को इंडेक्स फंड्स का कई दशकों का अनुभव है और भारत में निवेश को आम लोगों तक पहुँचाने के लिए कंपनी कई शैक्षिक पहलों की शुरुआत भी कर रही है।
गौरतलब है कि जियो ब्लैकरॉक ने 30 जून को तीन डेट फंड भी लॉन्च किए थे, जिनके एनएफओ के दौरान रिकॉर्ड 17,500 करोड़ रुपये जुटाए गए। कंपनी अब तक कुल आठ म्यूचुअल फंड लॉन्च कर चुकी है।
नए इंडेक्स फंड जियोफाइनेंस ऐप के साथ-साथ ग्रो, जीरोधा, पेटीएम मनी, इंडमनी, धन, कुवेरा और अन्य सेबी पंजीकृत डिजिटल फाइनेंस प्लेटफॉर्म्स पर निवेश के लिए उपलब्ध हैं।