चांदनी चौक में तिरंगा यात्रा से गूंजा देशभक्ति का संदेश

By admin
2 Min Read

राष्ट्र ध्वज तिरंगा के प्रति सम्मान और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में मंगलवार को चांदनी चौक में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। यह यात्रा ऐतिहासिक लालकिले की प्राचीर के नीचे से फतेहपुरी तक निकाली गई।

तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों में देशभक्ति का जोश और उमंग देखने को मिला। चारों ओर लहराते तिरंगों की छटा से पूरा वातावरण अद्भुत और प्रेरणादायी हो उठा। सड़क के दोनों ओर, इमारतों की छतों पर, दुकानों के सामने और लोगों के हाथों में तिरंगे लहराते नज़र आए। हर ओर देशभक्ति के नारों की गूंज रही थी।

यात्रा में व्यापारी वर्ग के साथ-साथ महिलाओं, युवाओं, कामगारों और स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी के चेहरों पर देश के प्रति गर्व, आत्मसम्मान और एकता की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

सजे-धजे बैंड, ढोल-ताशे, शहनाई और तुरही की धुनों ने पूरे मार्ग में देशभक्ति की लहर पैदा कर दी। यात्रा चांदनी चौक की ऐतिहासिक गलियों से गुजरते हुए आगे बढ़ी, जहां स्थानीय व्यापारिक संगठनों और आरडब्ल्यूए द्वारा फूलों की वर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।

पूरे मार्ग में ‘हर गली–हर मोहल्ला, हर दिल में तिरंगा लहराएं’, ‘हर घर तिरंगा–हर दुकान तिरंगा’, ‘तिरंगा आन भारत की–तिरंगा शान भारत की’ और ‘भारतीय सामान–हमारा स्वाभिमान’ जैसे नारों की गूंज रही। खंडेलवाल ने कहा कि यह यात्रा मात्र एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गहरे सम्मान और अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान’ अभियान को नई ऊर्जा और गति देने वाला निर्णायक कदम बताया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *