Rajasthan Zila Pramukh Election 2026: 3 जिलों में कांग्रेस के जिला प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित, नागौर में BJP ने बदली रणनीति

5 Min Read

Rajasthan Zila Pramukh Election 2026: जैसलमेर में कांग्रेस की संतोष कुमारी ने भी बिना मुकाबले जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की।

जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव 2026 को लेकर बुधवार को प्रदेश के 37 जिलों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। जिला प्रमुख पद के लिए सुबह से ही नामांकन और निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है। इस बीच कांग्रेस ने तीन जिलों में निर्विरोध जिला प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की है। दौसा में बीना बैरवा, जैसलमेर में संतोष कुमारी और सवाई माधोपुर में आशा बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। वहीं, नागौर में भाजपा ने अंतिम समय में अपनी रणनीति बदलते हुए जिला प्रमुख पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी नहीं उतारा।

दौसा और जैसलमेर में कांग्रेस की निर्विरोध जीत

दौसा में कांग्रेस विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गई हैं। वहीं, जैसलमेर में कांग्रेस की संतोष कुमारी ने भी बिना मुकाबले जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। दोनों जिलों में कांग्रेस प्रत्याशियों के सामने किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

सवाई माधोपुर में भी कांग्रेस की आशा बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 से सदस्य निर्वाचित आशा बैरवा ने बुधवार को जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके सामने भाजपा सहित किसी अन्य दल का उम्मीदवार मैदान में नहीं आया। इसके बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

सवाई माधोपुर जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी। निर्वाचन के दौरान विधायक रामकेश मीणा और इंदिरा मीणा सहित पूर्व विधायक दानिश अबरार और अशोक बैरवा भी मौजूद रहे।

नागौर में BJP ने अंतिम समय में बदली रणनीति

नागौर जिला प्रमुख चुनाव में सबसे दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रत्याशी पांचाराम ने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया। सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में आरएलपी के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य कलक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किए।

वहीं, अनिल नागौरी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया। बताया जा रहा है कि भाजपा पहले अनिल नागौरी को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाने की तैयारी में थी, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने रणनीति बदल दी। भाजपा ने जिला प्रमुख पद के लिए अपना अधिकृत उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा। ऐसे में नागौर का मुकाबला आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच केंद्रित हो गया है।

बीकानेर में कांग्रेस के अंदर बगावत

जिला प्रमुख चुनाव के दौरान बीकानेर में कांग्रेस को अंदरूनी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने विधायक सुशील डूडी को अपना उम्मीदवार बनाया है, लेकिन पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। इससे कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और राजनीतिक खींचतान सामने आ गई है।

चूरू और जयपुर में भी मुकाबले पर नजर

चूरू में भाजपा ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह को जिला प्रमुख पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जयपुर में कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष यशवीर सूरा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों जिलों में जिला प्रमुख पद के लिए राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

23 जिला परिषदों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत

राजस्थान की 37 जिला परिषदों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 23 जिला परिषदों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा को 5 जिलों में बहुमत मिला है। नागौर में आरएलपी को बहुमत हासिल हुआ है। इसके अलावा 8 जिलों में निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के निर्वाचित सदस्य जिला प्रमुख चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।

भाजपा कई जिला परिषदों में अपने पक्ष में समीकरण बनाने और अल्पमत को बहुमत में बदलने की रणनीति पर काम कर रही है। दूसरी ओर, कांग्रेस अपने निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखने और संभावित राजनीतिक सेंधमारी रोकने में जुटी हुई है।

अब जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे प्रदेश की राजनीति में आने वाले दिनों के सियासी समीकरणों की दिशा तय करेंगे। खासतौर पर उन जिलों में मुकाबला दिलचस्प होगा, जहां किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *