बूंदी जिले में ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों का लिया जायजा, अधिकारियों को आमजन तक योजनाओं की सौगात पहुंचाने के निर्देश
बूंदी: सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर ने शनिवार को बूंदी जिले में संचालित ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूंदी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 42 से 46 तक शक्ति भवन बूंदी और हिण्डोली नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविरों के साथ-साथ सूतड़ा, बुधपुरा और गुढ़ा बांध पंचायत के ग्रामीण शिविरों का भी जायजा लिया।
श्री बाजौर ने शिविरों में लाभार्थियों को आवासीय पट्टे और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चेक वितरित किए। सूतड़ा शिविर में खाद्य विभाग, जल संसाधन विभाग और हिंडोली में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिला कलेक्टर से इस संबंध में नोटिस जारी करने की बात कही।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब, शोषित और वंचित वर्ग तक पहुंचे। गुढ़ा बांध पंचायत में आयोजित शिविर में उन्होंने 16 लाभार्थियों को दिए गए पट्टों की जानकारी ली और कार्य की सराहना की। हिंडोली शिविर में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार महिला लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये के चेक सौंपे।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया, उपखंड अधिकारी बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा, नगर परिषद आयुक्त धर्मेंद्र मीणा, उपखंड अधिकारी शिवराज मीणा, तहसीलदार रतनलाल मीणा, ईओ जितेंद्र मीणा, प्रधान कृष्णा माहेश्वरी और अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।