टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की सेहत को लेकर राहतभरी खबर सामने आई है। तीसरे वनडे के दौरान चोटिल हुए अय्यर की हालत अब स्थिर है और उन्हें सिडनी अस्पताल के ICU से बाहर निकाल दिया गया है। वे अब सामान्य वार्ड में हैं और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।
भारतीय टी20I कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अय्यर की स्थिति पर ताज़ा जानकारी देते हुए कहा, “जब मुझे अय्यर की चोट के बारे में पता चला, तो मैंने तुरंत फिजियो कमलेश जैन से संपर्क किया। अब अय्यर फोन पर जवाब दे रहे हैं, इसका मतलब है कि वे स्थिर हैं। डॉक्टर उनके साथ हैं और वे लोगों से बात भी कर रहे हैं — सब ठीक लग रहा है। अगले कुछ दिनों तक उन पर नजर रखी जाएगी।”
सूर्या ने आगे कहा, “श्रेयस एक रेयर टैलेंट हैं। जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन भगवान की कृपा से अब सब अच्छा है। सीरीज खत्म होते ही हम उन्हें भारत साथ ले जाएंगे।”
BCCI सूत्रों के मुताबिक, अय्यर की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। उनका परिवार जल्द ही सिडनी पहुंचने वाला है ताकि वे रिकवरी के दौरान उनके साथ रह सकें।
कैसे हुए चोटिल:
25 अक्टूबर को सिडनी में तीसरे वनडे के दौरान ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान फील्डिंग करते वक्त श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए थे। एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त वे असंतुलित होकर गिर पड़े, जिससे उनकी बाईं पसली में गंभीर चोट लगी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।