जयपुर। राजस्थान कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत बचे हुए जिलों में से चार जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही अब प्रदेश के कुल 49 जिलों में जिलाध्यक्ष नियुक्त हो चुके हैं, जबकि राजसमंद जिले का नाम अभी घोषित होना बाकी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यह जानकारी दिल्ली में राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद दी।
जयपुर शहर की जिम्मेदारी सुनील शर्मा को
कांग्रेस ने जयपुर शहर जिलाध्यक्ष के रूप में सुनील शर्मा को नियुक्त किया है। शर्मा पिछले लोकसभा चुनाव में जयपुर शहर से कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार थे, लेकिन आरएसएस से जुड़ी संस्था ‘जयपुर डायलॉग्स’ के मंच पर जाने से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद विवाद में आ गए थे। शशि थरूर सहित कई नेताओं की आपत्ति के बाद उनका टिकट काट दिया गया था और प्रताप सिंह खाचरियावास को उम्मीदवार बनाया गया। विवाद के बाद शर्मा ने स्वयं उम्मीदवारी छोड़ने की पेशकश की थी। अब पार्टी ने उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपकर एक बार फिर भरोसा जताया है।
अन्य जिलों में भी नए जिलाध्यक्ष
प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष: दिग्विजय सिंह पुरावत
झालावाड़ जिलाध्यक्ष: वीरेंद्र सिंह गुर्जर
बारां जिलाध्यक्ष: हंसराज मीणा

दिल्ली बैठक में राहुल गांधी ने लिया फीडबैक
गुरुवार को दिल्ली में हुई अहम बैठक में राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस के संगठन, जमीनी सक्रियता, एसआईआर और मनरेगा से जुड़े आंदोलनों पर विस्तार से फीडबैक लिया। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह, सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा मौजूद रहे। रायशुमारी के बाद राहुल गांधी के फॉर्मूले पर इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी इसे आगामी चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मान रही है। वहीं, राजसमंद जिलाध्यक्ष की घोषणा जल्द होने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: अजित पवार के बाद महाराष्ट्र की सियासत, क्या डगमगाएगी फडणवीस की राजनीतिक रणनीति?