विधानसभा प्रश्नों के समयबद्ध उत्तर के निर्देश

By admin
2 Min Read

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राज्य सरकार के सभी विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव और सचिवगण को निर्देश दिए हैं कि सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के तृतीय सत्र में विधायकगण द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों के उत्तर आगामी सत्र के आरंभ से पहले 27 अगस्त तक विधानसभा को आवश्यक रूप से भेज दिए जाएं।

तृतीय सत्र के लगभग 75 प्रतिशत प्रश्नों के उत्तर विधानसभा को प्राप्त हो चुके हैं। देवनानी ने बताया कि सोलहवीं विधानसभा के तृतीय सत्र में कुल लगभग 9700 प्रश्न प्राप्त हुए, जिनमें से 7300 प्रश्नों के उत्तर मिल गए हैं, जबकि 2400 प्रश्नों के उत्तर अभी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि सभी बकाया प्रश्नों के उत्तर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से 27 अगस्त तक प्राप्त हो जाएंगे।

देवनानी ने कहा कि सोलहवीं विधानसभा का चतुर्थ अधिवेशन 1 सितंबर से प्रारंभ होगा, और इससे पहले सभी लंबित प्रश्नों के उत्तर विधानसभा को भेजे जाने आवश्यक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए प्रश्नों के उत्तर समय पर मिलना जरूरी है, ताकि आमजन के मुद्दों का समाधान और विधायकों को अपने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी समय रहते मिल सके। समयबद्ध उत्तर देने से सदन की कार्यक्षमता बढ़ती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त होती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *