मुख्य सचिव की जिला स्तरीय बैठक में सख्त निर्देश

By admin
3 Min Read

मुख्य सचिव सुधांश पंत ने अजमेर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध खनन, महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और राइजिंग राजस्थान के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान, नशे की रोकथाम, राजस्व अर्जन, फ्लैगशिप योजनाओं और राज्य बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। आमजन के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता से कार्य करने पर जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने फाइल निस्तारण की गति और गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए औसत निस्तारण समय घटाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-फाइलिंग प्रणाली का उपयोग अनिवार्य रूप से अपनाने और मोबाइल से भी निस्तारण करने की सुविधा का लाभ उठाने को कहा। नशीले पदार्थों की रोकथाम, एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

महिला अपराधों पर चर्चा में उन्होंने महिला डेस्क और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को और प्रभावी बनाने, साथ ही संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई। आगामी त्योहारों में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रूट प्लानिंग, फोर्स डेप्लॉयमेंट और संवेदनशील क्षेत्रों में अग्रिम नियोजन के निर्देश दिए गए। कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी लापरवाही को अस्वीकार्य बताया गया।

राइजिंग राजस्थान की समीक्षा करते हुए जिला स्तर पर हुए एमओयू को शीघ्र क्रियान्वित करने और लंबित संपर्क पोर्टल प्रकरणों का प्राथमिकता से निपटान करने को कहा गया। राजस्व वसूली में प्रगति लाने के लिए वाणिज्य कर विभाग को निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना से कार्य करने पर बल दिया गया।

बैठक में संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने अवैध खनन की शिकायतों पर समन्वित कार्रवाई और अतिक्रमण व राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी लाने की बात कही। पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह ने कानून व्यवस्था की जानकारी दी। जिला कलक्टर लोक बन्धु और ब्यावर के कलक्टर कमल राम मीणा ने अभियानों व योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत की।

जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरों से छात्रा और महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी, महिला कालिका यूनिट विद्यालयों के बाहर गश्त करेगी और बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा शिविर आयोजित होंगे। वन स्टॉप सेंटर की सेवाएं भी एनजीओ के सहयोग से संचालित की जा रही हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *