12 दिसंबर तक चलने वाले अभियान में वाद-विवाद, रैली, नुक्कड़ नाटक सहित सघन जनजागरूकता गतिविधियां होंगी आयोजित, कोटपा एक्ट 2003 की होगी शत-प्रतिशत पालना
बूंदी: जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सीएमएचओ डॉ. ओ.पी. सामर ने जानकारी दी कि जिले में टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0 की शुरुआत हो चुकी है, जो 12 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों और ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त घोषित करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. सामर ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को तंबाकू जैसे घातक नशे से दूर रखना है। इसके तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, रैली, नुक्कड़ नाटक और अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की कार्ययोजना को जिला कलक्टर की स्वीकृति के बाद उनके निर्देशन में लागू किया जा रहा है।
सभी स्टेकहोल्डर्स से लिया जाएगा सहयोग
डिप्टी सीएमएचओ व जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि अभियान में विधायक, प्रधान, सरपंच, जनप्रतिनिधि, तंबाकू विक्रेता, खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं और अन्य विभागों को भी जोड़ा गया है। ग्राम स्तर पर वीएचएसएनसी समितियों और शहरी क्षेत्रों में मास समितियों के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों पर जन-जागरूकता लाई जाएगी। साथ ही लोगों को तंबाकू त्याग और सेशेशन कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी चलेगा व्यापक अभियान
डॉ. सामर ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स — व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और यूट्यूब पर भी अभियान चलाया जाएगा, जिसमें फोटो, वीडियो, रील्स और पोस्ट के माध्यम से तंबाकू विरोधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सीएमएचओ डॉ. सामर ने सभी पत्रकारों को तंबाकू मुक्त भारत की शपथ दिलाई और क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी करवाया।