जयपुर: राजस्थान की धरती ने आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखा, जब नाहरगढ़ किले स्थित जयपुर वैक्स म्यूज़ियम में महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की वैक्स प्रतिमा का उप मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने भव्य अनावरण किया।
यह आयोजन ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर हुआ, जिससे यह दिन और भी गौरवपूर्ण बन गया।
समारोह में उनके जीवन और वीरता पर आधारित आठ मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
जयपुर वैक्स म्यूज़ियम के “रॉयल दरबार” सेक्शन में स्थापित यह प्रतिमा उनके शौर्य, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। कलाकारों ने इस प्रतिमा के निर्माण से पहले महीनों तक शोध कर इसकी बारीकियों पर काम किया। इसका क्ले फेस फर्स्ट लुक इसी वर्ष अप्रैल में उनकी पुण्यतिथि पर जारी किया गया था।
दिया कुमारी ने व्यक्त किया गर्व और भावनाएं
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा,
“यह क्षण मेरे लिए गर्व और भावनाओं से भरा है। मेरे पिता केवल हमारे परिवार के नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के गौरव थे। उनकी प्रतिमा जयपुर आने वाले हर व्यक्ति को राष्ट्रसेवा और साहस का संदेश देगी।”
म्यूज़ियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि सवाई भवानी सिंह जी का व्यक्तित्व न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि म्यूज़ियम का उद्देश्य मनोरंजन के साथ इतिहास और वीरता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रतिमाओं से सजा रॉयल दरबार सेक्शन
म्यूज़ियम में पहले से ही महाराणा प्रताप, सवाई जय सिंह द्वितीय, सवाई माधो सिंह द्वितीय और महारानी गायत्री देवी जैसी ऐतिहासिक विभूतियों की वैक्स प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं। अब ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की प्रतिमा के जुड़ने से यह संग्रह और समृद्ध हो गया है।
कार्यक्रम में सेना के पूर्व अधिकारी, म्यूज़ियम की टीम और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पिता की प्रतिमा देखकर दिया कुमारी भावुक हो उठीं।