अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ प्रदेश जयपुर के आह्वान पर प्रतापगढ़ जिला शाखा ने मंगलवार को सभी उपखंड कार्यालयों पर दिवंगत साथियों की आत्मा की शांति के लिए शाम 4:30 से 5:00 बजे तक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इसके बाद कर्मचारियों ने आक्रोश प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी प्रतापगढ़ को मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
यह कार्यक्रम हाल ही में हुए ग्राम विकास अधिकारी शंकरलाल मीणा (शाहपुरा, भीलवाड़ा) और शिक्षक व BLO मुकेश कुमार जांगिड़ की आत्महत्या के मामलों को लेकर चल रहे संघर्ष के दूसरे चरण के तहत किया गया। कर्मचारी संगठनों ने इन घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की और सरकार से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें ग्राम विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र राव व राज्य प्रतिनिधि अब्दुल हकीम मंसूरी, शिक्षक संघ प्रगतिशील, शिक्षक संघ शेखावत, पटवार संघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र मीणा, जिला सांख्यिकी संघ से सुनील गौड़, आईटी जिला संघ से जिलाध्यक्ष कारू लैला जनवा, पशुपालन चिकित्सा कर्मचारी संघ से जिलाध्यक्ष अमरचंद बामणिया सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों पर सरकार शीघ्र संज्ञान नहीं लेती, तो अगले चरण में प्रदेशभर के कर्मचारी अपने-अपने विभागों के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ देंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।