अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किए जाने के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 399.46 अंकों की गिरावट के साथ 80,144.53 अंक पर और एनएसई निफ्टी-50 130.60 अंक लुढ़ककर 24,443.60 अंक पर पहुंच गया।
निफ्टी दिन के दौरान नीचे 24,387.55 और ऊपर 24,464.20 अंक तक गया, वहीं सेंसेक्स ने 79,979.05 का निचला और 80,421.84 का उच्च स्तर छुआ। सेंसेक्स में एचडीएफसी बैंक और आईटीसी को छोड़कर बाकी सभी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
धातु, फार्मा और तेल एवं गैस सेक्टर की कंपनियों पर सबसे ज्यादा दबाव देखा गया। अडानी पोर्ट्स के शेयरों में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा था।