सावर, अजमेर: सावर कस्बे के ज्योति सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता रही टीमों के लिए शुक्रवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान भागचन्द माली ने की। मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षक राकेश वैष्णव, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अंकुर शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों का माल्यार्पण, तिलक और साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता में प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
- कबड्डी: स्थानीय टीम विजेता
- लंबी कूद: राजवीर सिंह (प्रथम), रणवीर गुर्जर (द्वितीय)
- 50 मीटर दौड़: राजवीर सिंह (प्रथम), पीयूष माली (द्वितीय)
- 100 मीटर दौड़: आर्यन योगी (प्रथम)
- रेले रेस: ज्योति सेकेंडरी स्कूल सावर (प्रथम)
विजेता टीमों और खिलाड़ियों को समारोह में स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सभी विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सावर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संस्था प्रधान भागचन्द माली ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमावत ने किया।