मिडिल ईस्ट में तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। इजरायल ने गुरुवार रात लेबनान की राजधानी बेरूत के डाउनटाउन इलाके में कई हवाई हमले किए। इन हमलों का लक्ष्य हिज़बुल्लाह के एक प्रमुख नेता को निशाना बनाना था, जिसके परिणामस्वरूप 22 लोगों की मौत और 117 लोग घायल हुए हैं। इजरायली सैनिकों पर आरोप है कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों को भी निशाना बनाया है।

एजेंसी, बेरूत। इजरायल ने गुरुवार रात बेरूत के डाउनटाउन क्षेत्र में कई हवाई हमले किए, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई और 117 लोग घायल हो गए। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) के अनुसार, ये हमले रास एल नबेह और अल-नुवैरी के आसपास के इलाकों को लक्षित करके किए गए। लेबनान में सक्रिय ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह ने इजरायल पर कई हमले किए थे, जिसके जवाब में इजरायल ने हिजबुल्लाह के प्रमुख नेता और ठिकानों को निशाना बनाया।
इजरायल डिफेंस फोर्स ने कुछ ही मिनटों के भीतर कई रॉकेट दागे। स्थानीय लोगों ने हमले के बाद वीडियो बनाए, जिसमें इमारतों से धुआं निकलता हुआ दिख रहा है। शहर में एंबुलेंस के सायरन की तेज आवाज सुनाई दे रही थी। यह हमला घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाकर किया गया था, जिसमें 22 लोगों की मौत और 117 के घायल होने की पुष्टि हुई है।