हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जोधपुर की लूणी पंचायत समिति के कांकाणी गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई ने भाग लिया।
जोगाराम पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार महिला, युवा, गरीब और किसान के कल्याण हेतु गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं, जिससे जनता का विश्वास और बढ़ा है।
पटेल ने पर्यावरण बलिदान की गौरवगाथा का उल्लेख करते हुए मां अमृता देवी और 363 विश्नोई शहीदों की स्मृति को श्रद्धा से याद किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सनातन संस्कृति की पूजनीय परंपरा है, जिसे हमें जन-जन तक पहुंचाना है। बीते वर्ष 7 करोड़ पौधों के बाद इस बार 11 करोड़ पौधे लगाने और पालने का लक्ष्य तय किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर लूणी क्षेत्र के हर घर तक नल से जल पहुंचाया जाएगा।