हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह जयपुर में आरए पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के सभागार में आयोजित किया गया। इस मौके पर कुलाधिपति और राज्यपाल कलराज मिश्र ने विश्वविद्यालय के नवनिर्मित मुख्य भवन का भी वर्चुअल लोकार्पण किया। कुलपति सुधि राजीव की मौजूदगी में राज्यपाल ने विभिन्न विभागों में 94 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की। उन्होंने 6 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए। इनमें 5 पदक छात्राओं को मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये इस बात का प्रतीक है कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में बालिकाएं आगे बढ़ती है, वही समाज तेजी से आगे बढ़ता है। वहीं अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आजाद और जीवंत प्रेस ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। अब पत्रकारिता शिक्षा के अंतर्गत नई शिक्षा नीति के आलोक में ऐसे पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे, जो युग की चुनौतियों को स्वीकार कर नई पीढ़ी को संवेदनशील, सजग और भविष्य के बेहतर नागरिक बना सके। उन्होंने विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए पत्रकारिता शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की सहभागिता का भी आह्वान किया। राज्यपाल मिश्र ने इससे पहले संविधान की उद्देशिका और मूल कर्तव्यों का वाचन करवाया। तो विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. सुधि राजीव ने विश्वविद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के नव निर्मित और लोकार्पित भवन पर वृत्तचित्र का भी प्रदर्शन किया गया।