RAS चयनित महेंद्र लाठड़ का गांव पादूकलां में भव्य स्वागत, उमड़ा जनसैलाब

By admin
2 Min Read

महिलाओं ने गाए मंगल गीत, युवाओं ने बरसाए फूल; सरपंच बोलीं— “ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं”, शिवजीराम फडौदा ने कहा— “महेंद्र युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत”

पादूकलां: शुक्रवार का दिन गांव पादूकलां के लिए गर्व और उत्साह से भरा रहा। गांव के होनहार युवक महेंद्र लाठड़ पुत्र लक्ष्मण राम लाठड़ के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) में चयन की खुशी में ग्रामीणों ने परंपरागत रीति से भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया।

महेंद्र लाठड़ के गांव पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों की थाप गूंज उठी, महिलाओं ने मंगल गीत गाए और युवाओं ने फूलों की वर्षा कर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने इस सफलता को पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच रामप्यारी देवी फडौदा ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं होती, बस सही मार्गदर्शन और लगन की आवश्यकता है। महेंद्र लाठड़ ने साबित किया है कि गांव का बेटा भी ऊँचाइयों तक पहुंच सकता है।”

सरपंच प्रतिनिधि शिवजीराम फडौदा ने कहा कि “महेंद्र लाठड़ जैसे युवाओं ने गांव की छवि बदल दी है और वे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।”

इस अवसर पर लक्ष्मण राम लाठड़, भामाशाह राजूराम डांगा, भंवरलाल गौरा, सहकारिता समिति अध्यक्ष आसाराम फौजी, धीरज सोनी, मोइनुद्दीन कुरैशी, ग्राम विकास अधिकारी संदीप गोदारा, अनूप कुमार सेन, खाकी राम प्रजापत, राजेंद्र फडौदा, राजूराम हिलु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में महेंद्र लाठड़ ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा— “यह सफलता मेरे माता-पिता, गुरुओं और गांव के आशीर्वाद का परिणाम है। मैं आने वाले समय में समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहूंगा।”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *