जयपुर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, आग लगने से 3 की मौत

By admin
2 Min Read

मनोहरपुर के टोडी गांव में हुआ भीषण हादसा, बस में रखे गैस सिलेंडर भी फटे; एक दर्जन मजदूर झुलसे, 5 को जयपुर रैफर

शाहपुरा (जयपुर ग्रामीण): जयपुर जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टोडी गांव के पास मंगलवार सुबह एक भीषण बस हादसा हो गया। मजदूरों से भरी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से करंट की चपेट में आ गई, जिससे बस में आग लग गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन मजदूर झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, यह बस यूपी से आए मजदूरों को टोडी स्थित ईंट भट्टे पर ले जा रही थी। रास्ते में बस ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे तेज करंट फैल गया और बस में रखे गैस सिलेंडर फटने से आग और भड़क गई। देखते ही देखते बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई।

घटना के बाद चारों ओर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की कई गाड़ियां शाहपुरा और आसपास के क्षेत्रों से मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घायल मजदूरों को शाहपुरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया है।

जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *