स्पा सेंटर में काम करने वाली युवती ने व्यवसायी को बनाया निशाना
बाड़मेर शहर में हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्पा सेंटर में काम करने वाली एक युवती पर एक स्थानीय व्यवसायी को नजदीकियों के जाल में फंसाकर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार के अनुसार, पश्चिम बंगाल की रहने वाली युवती बालोतरा जिले के एक स्पा सेंटर में कार्यरत थी और हाल ही में बाड़मेर शहर के राय कॉलोनी रोड स्थित एक बिल्डिंग में फ्लैट किराए पर लिया था, जहां उसकी व्यवसायी प्रेम कुमार से पहचान बढ़ी।
निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, युवती ने व्यवसायी को अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां कथित तौर पर निजी पल रिकॉर्ड कर लिए गए। बाद में उसी वीडियो के आधार पर व्हाट्सएप पर भेजकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई और 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। इससे व्यवसायी मानसिक दबाव में आ गया और उसने पुलिस का सहारा लिया।

पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को पकड़ा
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपियों की मांग के अनुसार रकम की व्यवस्था कराई और तय स्थान पर बुलाया। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने युवती और उसके साथी कमल सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।