जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार रात करीब 11:22 बजे जबरदस्त धमाका हुआ। इस हादसे में एक तहसीलदार, एक इंस्पेक्टर सहित कुल 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। घटना में 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल और SKIMS सौरा में जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिस व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल से जब्त किए गए विस्फोटक का सैंपल ले रही थी। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि पुलिस स्टेशन में पूरा 360 किलो विस्फोटक लाया गया था या सिर्फ उसका कुछ हिस्सा परीक्षण के लिए मौजूद था।
यह विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद में किराए के घर से बरामद किया गया था, जहां से डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार किया गया था। गनई पहले ही दिल्ली ब्लास्ट मामले में पकड़ा जा चुका है। 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हुई थी।