किसान संघर्ष समिति और अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले प्रदर्शन, सरकारी आवंटन निरस्त करने की मांग, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
डीडवाना: कस्टोडियन भूमि को लेकर डीडवाना में किसानों का गुस्सा उफान पर है। किसान संघर्ष समिति और अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले हजारों की संख्या में किसानों ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार द्वारा कस्टोडियन भूमि को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के लिए आवंटित करने के फैसले को रद्द करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी किसानों ने घोषणा की कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। मौके पर कलेक्ट्रेट के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया।
किसान नेताओं ने कहा कि कस्टोडियन भूमि किसानों की जीवनरेखा है और इसे सरकारी उपयोग के लिए देना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार निर्णय वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।