पुष्कर दशहरा मेले में उमड़ा जनसैलाब: 45 फीट ऊंचा रावण धू-धू कर जला, विदेशी पर्यटक भी हुए रोमांचित

By admin
2 Min Read

रामलीला मंचन, भव्य आतिशबाजी और शोभायात्रा ने खींचा हर किसी का ध्यान – पुलिस की व्यवस्था रही काबिले-तारीफ

पुष्कर: तीर्थनगरी पुष्कर में दशहरा पर्व का आयोजन इस बार बेहद भव्य और ऐतिहासिक रहा। मेला मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी, वहीं आतिशबाजी और रामलीला मंचन आकर्षण का केंद्र रहे।

राम दरबार की शोभायात्रा और रामलीला मंचन

मुख्य समारोह से पहले राम दरबार की शोभायात्रा ब्रह्म चौक से बैंड-बाजों, घोड़ों, ऊंटों और जीपों के साथ निकाली गई। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई मेला मैदान पहुंची, जहां कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का मंचन किया। तत्पश्चात भगवान राम ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध किया।

धधका 45 फीट का रावण, विदेशी भी मंत्रमुग्ध

रावण दहन के दौरान उसकी आंखों से अंगारे और हाथों से जलती तलवारें निकलने का दृश्य बेहद रोमांचक रहा। आसपास के गांवों के लोग और विदेशी पर्यटक इस क्षण को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। विदेशी पर्यटकों ने राम दरबार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

आतिशबाजी और भीड़ प्रबंधन

रावण दहन के साथ ही आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। वहीं, भारी भीड़ के कारण मेला मैदान के बाहर जाम की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी से नियंत्रण किया। सीआई विक्रम सिंह राठौड़ सहित पुलिस टीम की व्यवस्था की जमकर सराहना हुई।

नगर परिषद ने किया 30 लाख का प्रबंधन

पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं नगर परिषद की ओर से की गईं। इसमें पुतला निर्माण, आतिशबाजी, स्टेज, बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम और रोशनी पर करीब 30 लाख रुपये का व्यय किया गया।

राम राज्याभिषेक और भरत मिलाप आज

रामलीला समिति पुष्कर की ओर से शुक्रवार को ब्रह्म चौक में राम राज्याभिषेक और भरत मिलाप का विशेष आयोजन होगा। शोभायात्रा के बाद भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया जाएगा और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *