बूंदी से कमलेश शर्मा की रिपोर्ट
बूंदी: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को राजस्थान के बूंदी जिले के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने ख्यावदा, रिहाणा, देलुन्दा और मालियों की बाड़ी समेत कई गांवों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
बिरला ने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि सर्वे कार्य तेजी से जारी है और सरकार की ओर से राहत से लेकर पुनर्वास तक हर स्तर पर सहायता दी जाएगी। ग्रामीणों ने मौके पर राशन, चिकित्सा और राहत शिविरों की त्वरित व्यवस्था के लिए लोकसभा अध्यक्ष का आभार जताया निरीक्षण के बाद ओम बिरला ने जिला प्रशासन के साथ बैठक कर राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे पारदर्शी हो, और कोई भी पीड़ित परिवार सहायता से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को कपड़े और बर्तन जैसी सहायता नहीं मिली, उनकी नई सूची बनाकर NDRF के जरिए राशि जारी की जाए।
लोकसभा अध्यक्ष ने प्रशासन को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन कर मुआवजा जारी किया जाए, और फसल नुकसान की गिरदावरी कर किसानों को नियमानुसार सहायता दी जाए। उन्होंने दोहराया कि “कोई भी पीड़ित परिवार अकेला नहीं है, हर किसी को उसका अधिकार दिलाया जाएगा।” बिरला का यह दौरा न सिर्फ प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण है, बल्कि पीड़ितों को मनोबल देने वाला भी रहा।