गांजा, डोडा चुरा और स्मैक सहित 10 मामलों में जब्त माल पुलिस लाइन परिसर में नष्ट
बूंदी: जिला पुलिस ने मंगलवार को करीब 6.5 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई कुल 10 प्रकरणों में जब्त गांजा, डोडा चुरा और स्मैक पर की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और कोटा रेंज के निर्देश पर न्यायालय से भौतिक सत्यापन के बाद जिला औषधि व्ययन समिति के सहयोग से इन सभी मादक पदार्थों को बूंदी पुलिस लाइन परिसर में जलाकर नष्ट किया गया।
कार्यवाही के दौरान डोडा चुरा 42 क्विंटल 92 किलो 06 ग्राम, गांजा 8 किलो 543 ग्राम और स्मैक 30 ग्राम का वजन कर रिकॉर्ड का मिलान किया गया। नष्टीकरण के समय पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इन सभी मादक पदार्थों को हिण्डोली, बसोली, कोतवाली और डाबी थानों में दर्ज मामलों के तहत तस्करों से जब्त किया गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 6,54,07,240 रुपये आंकी गई थी।