ब्यावर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं को दिलाया आत्मनिर्भरता का संकल्प

2 Min Read

मातृशक्ति सम्मेलन में बोलीं उपमुख्यमंत्री — हर महिला 50 महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़े, तभी सशक्त भारत बनेगा

ब्यावर: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को ब्यावर के मोतीमहल गार्डन में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में शिरकत की। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ, राजस्थान द्वारा आयोजित किया गया। इस मौके पर दिया कुमारी का साफा, शॉल और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हर महिला 50 अन्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़े, ताकि हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचे और सशक्त भारत का निर्माण हो सके।”

उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और विदेशी उत्पादों के बहिष्कार का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल अभियान से देश में रोजगार बढ़ेगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा।”

उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। “जब महिला शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक होती है, तभी समाज आगे बढ़ता है,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम में ब्यावर विधायक शंकर जी रावत, विधायक अनिता भदेल, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम पंवार, अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अमराराम, महिला प्रकोष्ठ राष्ट्रीय अध्यक्ष सविता शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रेणु जांगिड़, महिला संघ सचिव पुष्पा जांगिड़, तथा भाजपा प्रदेश मंत्री अजीत मांडन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *