शगुन होटल में हुआ आयोजन, प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने दी शुभकामनाएं
बूंदी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में नापला छोटी सरवन (बांसवाड़ा) में राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मौजूद रहे।
बूंदी जिले में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव शगुन होटल में आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिखाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने शिरकत की।
मंत्री नागर ने सभी नव-नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनसेवा का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के दौरान बूंदी जिले के विभिन्न विभागों के 222 नव-नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति आदेश और वेलकम किट प्रदान किए गए। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. रामलाल मीणा ने बताया कि इनमें पशु परिचर 88, कनिष्ठ अनुदेशक 49, अध्यापक लेवल द्वितीय 9, वरिष्ठ अध्यापक संस्कृत 11, कनिष्ठ अभियंता जल संसाधन 5, कनिष्ठ अभियंता 16, वनरक्षक 1, राजस्थान राज्य प्रदूषण मंडल बूंदी 1, सूचना सहायक 2, कनिष्ठ लिपिक (कलेक्ट्रेट बूंदी) और सिंचाई विभाग के 40 कार्मिक शामिल हैं।
इसके अलावा पशुपालन विभाग द्वारा मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाभार्थियों को बीमा पॉलिसी भी वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, नैनवां प्रधान पदम नागर, नुपुर मालव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।