बच्चों ने श्रीराम के जीवन प्रसंगों को नाटकीय रूप में किया प्रस्तुत, विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
डीडवाना: शहर में दीपावली पर्व को लेकर पूजा इंटरनेशनल एकेडमी में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. बजरंग सिंह राठौड़ ने बताया कि दीपावली पर्व के मौके पर रंगोली प्रतियोगिता में छात्रों ने बेहद आकर्षक और सुंदर रंगोलियां बनाईं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास और अयोध्या वापसी तक की यात्रा को विद्यार्थियों ने नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया।
रामायण ग्रंथ पर आधारित प्रश्नोत्तरी, रंगोली मेकिंग और मेहंदी डिजाइनिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। छोटे बच्चों ने दीप डेकोरेशन और ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग जैसी गतिविधियों में अपनी रचनात्मकता दिखाई।
स्कूल के निदेशक डॉ. रणजीत सिंह राठौड़ ने बताया कि मेहंदी डिजाइनिंग प्रतियोगिता में ईशा ने प्रथम, भूमि और वैष्णवी ने द्वितीय तथा हर्षिता और रीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रामायण प्रश्नोत्तरी में जय अग्रवाल और गौरव कृष्ण जाजू विजेता रहे। रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता में अस्मा, निकिता, रिशिता, डिंपल और खुशबू की टीम विजेता बनी।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियां प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भक्ति और उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में जयसिंह राठौड़, प्रभा अग्रवाल, कनिका रूवटिया, पूजा शर्मा और एकता अग्रवाल ने अतिथि के रूप में शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।