बूंदी दौरे पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहे। बूंदी में आयोजित प्रेस वार्ता में दोनों नेताओं ने केन्द्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की सरकार डेढ़ साल से ज्यादा समय में जनता का विश्वास खो चुकी है।
टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि विधानसभा में 250 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन विपक्ष के विधायकों की जासूसी के लिए दो अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र और विधानसभा की मर्यादा के लिए खतरा बताया।
दोनों नेताओं ने साथ ही केन्द्र सरकार पर भी वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप के आरोप लगाए। डोटासरा और जूली का कहना है कि जनता को सुरक्षा और पारदर्शिता देने के बजाय सरकार अपनी निगरानी बढ़ा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।