नगर के दर्जनों मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, महाआरती और पंगत प्रसाद वितरण से गूंजा पूरा शहर भक्ति के रंग में
श्रीमाधोपुर: गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर श्रीमाधोपुर नगर के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। नगर आराध्य देव श्री गोपीनाथ मंदिर सहित रघुनाथ, बालाजी, राधाकृष्ण, रामजानकी और ठाकुरजी मंदिरों में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना में लीन रहे। गोपीनाथ मंदिर में इस अवसर पर 21 क्विंटल अन्नकूट और 56 भोग का भव्य प्रसाद भगवान को अर्पित किया गया। मंदिर के महंत डॉ. मनोहरशरण दास महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती संपन्न हुई।
इसके बाद श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर महाप्रसाद का वितरण किया गया। दीपों की झिलमिल रोशनी, आकर्षक श्रृंगार और भक्ति संगीत के बीच मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और उल्लासपूर्ण बन गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन की परिक्रमा करते हुए अपने परिवार की समृद्धि, शांति और सुख की कामना की। नगर के विभिन्न मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और आरती के स्वर गूंजते रहे, जिससे पूरा श्रीमाधोपुर शहर भक्ति और आनंद के माहौल में डूब गया।