प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय सैन्य बलों के साथ देश की एकता को देते हुए कहा कि जब भारत आतंकियों और उनके समर्थकों का सामना करता है, तो वह शिव के रुद्र रूप में प्रकट होता है। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे मोदी ने 2183.45 करोड़ रुपये की 52 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सेवापुरी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता पर हमला करने वाला कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा।
मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से कांग्रेस और उसके सहयोगियों को तकलीफ हुई है। आतंक के ठिकानों को खंडहर बना दिया गया, लेकिन कांग्रेस और सपा को पाकिस्तान का दुख सहन नहीं होता। वे आतंकियों के लिए आंसू बहाते हैं और ऑपरेशन को तमाशा कहते हैं। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो दुश्मनों के सामने काल भैरव बन जाता है। सेना के पराक्रम और आत्मनिर्भर भारत की ताकत को पूरी दुनिया ने देखा है। पाकिस्तान में ब्रह्मोस मिसाइल की गूंज से नींद उड़ जाती है।
मोदी ने बताया कि दस करोड़ किसानों के खातों में 21,000 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए हैं। जब यह राशि काशी से जाती है, तो वह प्रसाद बन जाती है। दो हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। विकास की धारा मां गंगा की अविरल धारा के साथ आगे बढ़ रही है। काशी में सांसद गाइड प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लोग कौशल विकास से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के लिए समर्पित है। पिछली सरकारें सिर्फ घोषणाएं करती थीं, लेकिन भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शुरू हुई, तो विपक्षी दल अफवाह फैलाते थे कि जमा पैसा मोदी निकाल लेगा। लेकिन अब तक साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में जमा हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को 90,000 करोड़ रुपये और काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले हैं। यह राशि बिना किसी कमीशन या हेराफेरी के सीधे खातों में पहुंची है।
मोदी ने कहा कि कम कृषि उत्पादन वाले क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। एनडीए सरकार किसानों के जीवन में बदलाव के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। पीएम फसल बीमा योजना के तहत डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दिया जा चुका है। न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है और देशभर में हजारों नए गोदाम बनाए जा रहे हैं। कृषि अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर है।
उन्होंने कहा कि तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से एक करोड़ से अधिक बन चुकी हैं। सपा वाले यह आंकड़ा सुनकर साइकिल लेकर भाग जाएंगे। आधुनिक कृषि अनुसंधान को खेतों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। केंद्र सरकार ने 55 करोड़ जन धन खाते खोले हैं। अब इन खातों का केवाईसी कराना जरूरी है। मोदी ने बैंकों को निर्देश दिया है कि 1 जुलाई से ग्राम पंचायतों में अभियान चलाकर लोगों के केवाईसी पूरे करें। बीमा योजनाओं का खर्च चाय से भी कम है, इसलिए इनसे जुड़ना जरूरी है। भाजपा और एनडीए के प्रतिनिधियों को इस अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए।