बांसवाड़ा में कल यानी 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे नपला गांव में बनने वाले न्यूक्लियर पावर प्लांट का शिलान्यास करेंगे।
इसी से पहले आज भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जिला कलेक्ट्री परिसर में धरने पर बैठ गए। सांसद ने अपनी 30 सूत्री मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बातचीत के दौरान कुछ मांगों पर सहमति बनी, जबकि राज्य स्तर से जुड़ी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।
मीडिया से बात करते हुए सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि न्यूक्लियर पावर प्लांट से प्रभावित कई परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। साथ ही उनके लिए आंगनवाड़ी, स्कूल, अस्पताल और छात्रावास जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।