इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर NDA सरकार का गठन हो गया है। युमनाम खेमचंद ने बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्हें मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने शपथ दिलाई। इस दौरान कुकी BJP विधायक नेमचा किपगेन ने वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक एल. डिखो को भी उपमुख्यमंत्री बनाया गया। वहीं, BJP के गोविंदास कोंथौजम और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के के. लोकेन सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली।
राष्ट्रपति शासन के बाद नई सरकार
गौरतलब है कि मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के कुछ ही घंटों बाद यह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। अशांत हालातों के चलते राज्य में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू था। समारोह में BJP के कई विधायक, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और NDA की शीर्ष नेतृत्व मौजूद रही। दो उपमुख्यमंत्रियों के साथ युमनाम खेमचंद को राज्य की कमान सौंपी गई है।
मणिपुर BJP ने बताया ‘नए अध्याय’ की शुरुआत
मणिपुर BJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “मणिपुर के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। वाई. खेमचंद सिंह ने आज लोक भवन में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने शपथ दिलाई।” पोस्ट में BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, संबित पात्रा, मणिपुर BJP अध्यक्ष शारदा देवी समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहने की जानकारी भी दी गई।
विधायक दल की बैठक में चुने गए नेता
इससे पहले बुधवार को ही युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके नेतृत्व में NDA के प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की, जिसमें चुराचांदपुर और फेरजॉल जैसे कुकी बहुल जिलों के दो विधायक भी शामिल थे।
गौरतलब है कि मंगलवार को नई दिल्ली में BJP विधायक दल और फिर NDA विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।
यह भी पढ़ें: सुनेत्रा पवार ने ली महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ, राज्यपाल ने दिलाई शपथ