Maharashtra: सुनेत्रा पवार ने ली महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

3 Min Read

Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने मुंबई स्थित लोक भवन में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही सुनेत्रा पवार राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एनसीपी और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता एवं मंत्री मौजूद रहे।

बारामती से उपचुनाव लड़ने की तैयारी

फिलहाल सुनेत्रा पवार राज्यसभा सांसद बनी रहेंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यदि वह बारामती से विधानसभा उपचुनाव लड़ती हैं, तो उसके बाद राज्यसभा से इस्तीफा देंगी। नियमों के मुताबिक विधानसभा से चुने जाने के बाद उन्हें 14 दिनों के भीतर किसी एक सदन की सदस्यता छोड़नी होगी। पार्टी उनके राज्यसभा इस्तीफे पर बाद में अंतिम निर्णय लेगी।

sunetra-pawar-

सादगी और शोक का भाव

शपथ ग्रहण के दौरान सुनेत्रा पवार सफेद साड़ी में नजर आईं। उनके चेहरे पर शोक और गंभीरता साफ झलक रही थी। 28 जनवरी को बारामती में हुई विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के आकस्मिक निधन के बाद से पूरा पवार परिवार गहरे दुख में है। शपथ लेने से पहले सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया था। उन्होंने अपने आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में दिवंगत पति अजीत पवार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शपथ समारोह से शरद पवार और सुप्रिया सुले ने बनाई दूरी

सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में पवार परिवार के वरिष्ठ सदस्य और अजीत पवार के चाचा शरद पवार शामिल नहीं हुए। वहीं, चचेरी ननद और सांसद सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। सूत्रों के मुताबिक, अजीत पवार के निधन के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर शरद पवार से बातचीत जारी है। बताया जा रहा है कि अजीत पवार की इच्छा थी कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों धड़े एकजुट हों।

यह भी पढ़ें: खराब सड़कें, महंगा सफर, टोल टैक्स में देश में सबसे आगे राजस्थान; चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *