नागरिकता से नई शुरुआत: 10 पाक विस्थापितों के लिए भजनलाल सरकार बनी उम्मीद की किरण

By admin
2 Min Read

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पाकिस्तान से विस्थापित लोगों के अधिकारों और मांगों को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। उनके निर्देशों के अनुसार जयपुर जिला प्रशासन पात्रता और नियमों के तहत पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार का दिन 10 पाक विस्थापितों के लिए उम्मीद और खुशी लेकर आया, जिन्होंने वर्षों से भारतीय नागरिक बनने के लिए प्रयास किए थे।

जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने जयपुर में आयोजित एक समारोह में इन 10 लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे। इनमें संगीता, हरिचंद, चमेली बाई, मुकेश कुमार, कलियां देवी, कंवर लाल, संतोष कुमार, सुनित कुमार, राजकुमारी और खिआना माहेश्वरी शामिल हैं। सभी को भारतीय नागरिकता अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत पात्रता और प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह प्रमाण पत्र दिया गया।

जोगाराम पटेल ने इन सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन न केवल कानूनी पहचान मिलने का, बल्कि भावनात्मक रूप से भारत माता की गोद में जगह पाने का भी है। उन्होंने कहा कि अब ये सभी भारत के वैध नागरिक हैं और यह प्रमाण केवल कागज़ नहीं, बल्कि आत्मगौरव, आत्मविश्वास और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए नागरिक भारत की उन्नति और एकता में अहम भूमिका निभाएंगे।

वहीं, नागरिकता मिलने पर सभी विस्थापित भावुक हो उठे। उनकी आंखों में सालों के संघर्ष की पीड़ा और अब हासिल हुई पहचान की चमक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि अब वे गर्व से खुद को भारतीय कह सकते हैं। पहले नागरिकता प्रमाण नहीं होने से वे सरकारी योजनाओं से वंचित थे, लेकिन अब उन्हें वह अधिकार मिला है जिससे वे अपने परिवार की देखभाल बेहतर ढंग से कर सकेंगे।

इस अवसर पर राजस्थान जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (दक्षिण) संतोष मीणा सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और सभी ने नए नागरिकों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *