कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी उद्योगपति अडानी के खिलाफ जांच चल रही है, इसीलिए मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
राहुल गांधी का कहना है कि ट्रंप की बार-बार की धमकियों पर मोदी की चुप्पी, अमेरिका, अडानी और रूस के बीच के वित्तीय रिश्तों को भी उजागर करती है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सामने मोदी कुछ बोल नहीं पा रहे हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भारत, कृपया समझिए। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ट्रंप की बार-बार की धमकियों के बावजूद उनके सामने खड़े नहीं हो पा रहे हैं, इसका कारण अडानी के खिलाफ अमेरिका में चल रही जांच है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह धमकी मोदी, अडानी और रूस के बीच तेल सौदों से जुड़े वित्तीय रिश्तों को उजागर करती है। राहुल गांधी के अनुसार, मोदी अब पूरी तरह मजबूर हैं और उनके हाथ बंधे हुए हैं।