राजस्थान रोडवेज के बेड़े में आधुनिक तकनीक और पर्यावरण मानकों से लैस नई बसों की एंट्री — ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी ‘आपणी बस’ सेवा, वॉल्वो और डीलक्स बसों में कैटरिंग की सुविधा भी शुरू।
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज राज्य परिवहन को नई रफ्तार देते हुए रोडवेज की नई बसों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत अमर जवान ज्योति से हुई, जहां सीएम के साथ डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा और सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुल 128 ब्लू लाइन बसें और 7 ग्रामीण बसें जनता को समर्पित कीं। नई बसें आधुनिक तकनीक और नवीनतम प्रदूषण मानकों से लैस हैं, जिससे यात्रा न सिर्फ सुरक्षित बल्कि पर्यावरण–अनुकूल भी होगी।
रोडवेज विभाग ने पिछले एक महीने में 300 नई बसें सेवा में जोड़ी हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सफर मिल सके। ग्रामीण इलाकों के लिए शुरू की गई सेवा का नाम रखा गया है ‘आपणी बस – राजस्थान रोडवेज’, जिसका उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक यातायात सुविधा पहुंचाना है।
इसके अलावा, वॉल्वो, स्केनिया और डीलक्स AC बसों में अब कैटरिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे लंबी यात्राएं और भी आरामदायक बनेंगी।इस पहल को राजस्थान की परिवहन व्यवस्था में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो राज्य में यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अनुभव प्रदान करेगी।