एसपी हरीशंकर यादव के निर्देशन और थाना अधिकारी रामचन्द्र कस्वा के नेतृत्व में चल रहे अभियान से नशेड़ियों और सौदागरों में खौफ़ का माहौल
हनुमानगढ़ जिले के रावतसर में नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार असर दिखा रहा है। थाना अधिकारी रामचन्द्र कस्वा के नेतृत्व और एसपी हरीशंकर यादव के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 26 निवासी आरोपी अल्ताफ पुत्र फिरोज खान को दबोच लिया। दबिश एसआई इमिचन्द सौलंकी और उनकी टीम ने रामपुरा रोड स्थित गणपति विहार क्षेत्र में दी, जहां से आरोपी के कब्जे से 12 ग्राम 42 मिलीग्राम अवैध चिट्टा हेरोइन और एक बाइक बरामद की गई। बाइक का इस्तेमाल नशे की तस्करी में किया जा रहा था।
पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई में कांस्टेबल देवीलाल खीचड़, मोहनलाल, विकास सहारण और श्योपत राम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि यह तो केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में नशे की सप्लाई चेन से जुड़े बड़े नेटवर्क को भी तोड़ा जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं नशे का कारोबार दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का सख्त रुख अब रावतसर को नशे जैसी सामाजिक बुराई से मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।