संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने दिखाई हरी झंडी, कलेक्टर डॉ. प्रदीप गावंडे ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
जालोर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को जालोर जिला मुख्यालय पर ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
दौड़ की शुरुआत हनुमान शाला स्कूल से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेडियम प्रांगण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद स्टेडियम में उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और एकजुटता की भावना को सशक्त करते हैं।
मैराथन में पुलिस विभाग, साइबर क्राइम यूनिट, नर्सिंग स्टाफ, शिक्षण संस्थान, छात्र-छात्राएं और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ के दौरान पूरा शहर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर एडीएम राजेश मेवाड़ा, एडिशनल एसपी मोटाराम गोदारा, डीएसपी गौतम जैन, कोतवाली थाना अधिकारी अरविंद राजपुरोहित, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में हुआ।