जयपुर में तीज महोत्सव-2025 की भव्य शुरुआत, लोक संस्कृति और श्रद्धा का संगम
हरियाली तीज के अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय तीज महोत्सव-2025 का शुभारंभ जयपुर में हुआ। सिटी पैलेस से शुरू हुई तीज माता की शोभायात्रा ने त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़, चौगान स्टेडियम होते हुए तालकटोरा पोंड्रिक पार्क तक पारंपरिक रंगों और लोक कलाओं से सजीव वातावरण रच दिया।
छोटी चौपड़ पर पहली बार आयोजित महाआरती में राज्यपाल की उपस्थिति रही, वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने तीज माता की आरती कर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। शोभायात्रा में कच्छी घोड़ी, कालबेलिया, चरी, बहुरूपिया और कठपुतली नृत्य जैसे लोक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। सजे-धजे ऊंट, हाथी, बैलगाड़ियां और शाही बग्घियां राजस्थानी श्रृंगार में आकर्षण का केंद्र बनीं।
करीब 200 लोक कलाकारों ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया, जिसमें राजू भाट, तेजपाल नागौरी और पूरणनाथ जैसे कलाकारों की प्रस्तुतियाँ विशेष रहीं। महिलाओं की लहरिया साड़ियों में सजी झांकियाँ और महिला पंडितों द्वारा तीज पूजन ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टीवी चैनलों और राज्यभर में 200 स्थानों पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का माध्यम बना, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का संदेश भी दिया।