सम्राट कैबिनेट का विस्तार, 32 मंत्रियों ने ली शपथ; पीएम मोदी समेत NDA के दिग्गज रहे मौजूद

पटना। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार हुआ। प्रधानमंत्री Narendra Modi, गृह मंत्री Amit Shah और रक्षा मंत्री Rajnath Singh की मौजूदगी में 32 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। नई कैबिनेट में बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, लोजपा (रामविलास) से 2 और HAM और RLM से एक-एक मंत्री को शामिल किया गया है। इस विस्तार में एनडीए सहयोगियों के बीच तय फॉर्मूले के अनुसार प्रतिनिधित्व दिया गया।
बीजेपी से इन नेताओं को मिली जगह
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अनुभवी और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए कई बड़े नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया। बीजेपी कोटे से दिलीप जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा, राम कृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, नीतीश मिश्रा, केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम, शैलेन्द्र कुमार, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह ने शपथ ली।
जेडीयू में नए चेहरों की चर्चा, सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व
जेडीयू की ओर से CM Nitish Kumar के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री सबसे ज्यादा चर्चा में रही। इसके अलावा डॉ. श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल को भी पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। वहीं, पुराने चेहरों में श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी पर फिर भरोसा जताया गया। एनडीए के अन्य सहयोगी दलों को भी कैबिनेट में जगह दी गई। Chirag Paswan की पार्टी लोजपा (रामविलास) से संजय सिंह और संजय पासवान मंत्री बने। वहीं, Jitan Ram Manjhi की पार्टी HAM से संतोष सुमन और Upendra Kushwaha की पार्टी RLM से दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
पीएम मोदी के रोड शो में उमड़ी भीड़
शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक करीब 8 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बिहार की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जहां छठ गीत और झिझिया नृत्य ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।