थांवला मंडल में आयोजित सम्मेलन में विधायक अजय सिंह किलक व ओमप्रकाश भड़ाणा ने दिलाया आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, कहा — हर घर में गूंजेगा ‘स्वदेशी’ का नारा
नागौर: आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत रविवार को रियांबड़ी उपखंड के थांवला भाजपा मंडल में डेगाना विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डेगाना विधायक अजय सिंह किलक और देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भड़ाणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का जन-आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति और संगठन स्वदेशी की भावना से जुड़ता है, तब भारत की शक्ति अनेक गुना बढ़ जाती है।
विधायक अजय सिंह किलक ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ है — अपने संसाधनों और उत्पादों पर विश्वास करना। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ का संदेश फैलाएंगे और लोगों को स्वदेशी वस्तुएं खरीदने के लिए प्रेरित करेंगे।
सम्मेलन में भाजपा नागौर जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, जिला संगठन प्रभारी पुखराज पहाड़िया, कार्यक्रम संयोजक रमाकांत शर्मा, जिला महामंत्री बुद्धाराम गर्वा, जिला मंत्री राजेश वैष्णव, किसान मोर्चा मंत्री लक्ष्मीनारायण मुंडेल, थांवला मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत, महिला मोर्चा सीमा कुमावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।