कुड़ी भगतासनी सीएचसी का औचक निरीक्षण, मंत्री ने लापरवाही पर जताई नाराजगी

By admin
2 Min Read

संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक मंत्री जोगाराम पटेल ने सोमवार को जोधपुर जिले के कुड़ी भगतासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ कार्मिकों की अनुपस्थिति और अस्पताल परिसर में अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने संयुक्त निदेशक नरेंद्र सक्सेना को मौके पर बुलाकर तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पटेल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। इसके लिए चिकित्सा विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और नर्सिंगकर्मी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार और अस्पताल संचालन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनरल ओपीडी, लेबर रूम, इंजेक्शन एवं ड्रेसिंग कक्ष, ईसीजी कक्ष, पुरुष और महिला वार्ड, टीकाकरण कक्ष, पंजीकरण रजिस्टर और दवाओं के स्टॉक का अवलोकन किया। उन्होंने सभी कार्मिकों को समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए।

पटेल ने अस्पताल परिसर और सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर निःशुल्क दवा, जांच और अन्य सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

उन्होंने संयुक्त निदेशक और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को क्षेत्र के अन्य चिकित्सा संस्थानों में भी अधिकाधिक औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही रजिस्ट्रेशन काउंटर, आवश्यक सामग्री और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम दक्षिण की महापौर वनिता सेठ भी उपस्थित रहीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *