जालोर सहित जिलेभर में महात्मा गांधी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और छात्रों ने बापू को नमन किया और उनके आदर्शों को याद किया।
जालोर: जिलेभर में आज महात्मा गांधी की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्थानीय विधायक जोगेश्वर गर्ग, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्रसिंह इंडोलिया सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने मिलकर रामधुन की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा परिसर गांधीमय हो उठा। कलेक्टर डॉ. गवांडे और एसपी इंडोलिया ने छात्रों को महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का अहिंसा और सत्य का संदेश आज भी प्रासंगिक है और हमें उनके मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
जिलेभर के विभिन्न स्थानों पर भी गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें नागरिकों ने बापू के विचारों को याद कर उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।