जयपुर। शहर के प्रमुख नेहरू बाजार में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पांच दुकानों के ऊपर बने बरामदों के छज्जे अचानक भरभराकर गिर गए। गनीमत रही कि घटना के समय बाजार बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय व्यापारियों ने निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि जर्जर हालत में पड़े बरामदों के बारे में उन्होंने कई बार लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। समय पर मरम्मत न होने के कारण यह हादसा हुआ।
व्यापारियों में निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष देखा गया। निगम की ओर से विजिलेंस एडिशनल कमिश्नर पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि मामलों की जांच और प्रक्रिया में थोड़ा समय लगता है। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी गई है।