बूंदी: देईखेड़ा थाना क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली–मुंबई रेलमार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा लबान स्टेशन के पास ढगारिया रोड स्थित रेलवे फाटक पर हुआ, जहाँ बंद फाटक पार करने की कोशिश में महिला की जान चली गई।
जीआरपी कोटा एएसआई बनवारीलाल के अनुसार, मृतका जगनाथी बाई गुर्जर निवासी रामगंज की झोपड़ियां, अपने आधार की केवाईसी कराने ई-मित्र केंद्र गई हुई थी। लौटते समय जब वह रेलवे फाटक पर पहुंची तो फाटक बंद था। डाउन लाइन से ट्रेन गुजरने के बाद उसने जल्दबाजी में फाटक के नीचे से पार करने की कोशिश की, तभी अप लाइन से आ रही निजामुद्दीन एक्सप्रेस ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार किए जाने पर पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव सुपुर्द कर दिया।
तीन साल से अधूरा ओवरब्रिज बना खतरा
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हादसे के लिए ओवरब्रिज निर्माण में हो रही देरी को जिम्मेदार ठहराया। पूर्व सरपंच साहब लाल, लबान सरपंच बुद्धि प्रकाश मीणा, महेंद्र नरवाल और कृपाल यादव ने बताया कि ओवरब्रिज का कार्य पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है और इसकी गति बेहद धीमी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ओवरब्रिज समय पर बन गया होता तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने प्रशासन और रेल विभाग से निर्माण कार्य को तत्काल पूरा करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।