राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्षगांठ के अवसर पर पीसांगन और मांगलियावास पुलिस थानों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस समारोह में पुलिस के साथ-साथ विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और अन्य प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय (पीसांगन) और दिनेश चौधरी (मांगलियावास) के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रीय भावना का संचार करना था। महानिरीक्षक पुलिस कानून एवं व्यवस्था अनिल कुमार टांक के निर्देशानुसार यह आयोजन स्वदेशी संकल्प समारोह के रूप में भी आयोजित किया गया।
थानाधिकारीयों के अनुसार, 7 नवंबर को वंदे मातरम् गीत को 150 वर्ष पूरे हो गए। यह गीत मां भारती के रूप और देशभक्ति की भावना को चित्रित करता है और देशवासियों को भावनात्मक रूप से प्रेरित करता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 1 अक्टूबर को इस वर्षगांठ के लिए देशभर में समारोहों की स्वीकृति दी थी ताकि युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रगीत की मौलिक और क्रांतिकारी भावना से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, स्कूल के विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए और राष्ट्रभक्ति के इस अवसर को यादगार बनाया।