एसपी राजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में परेड ग्राउंड में हुआ आयोजन, दो राउंड फायरिंग कर दी गई सलामी, वृक्षारोपण व रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि
बूंदी: राष्ट्र सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में पुलिस शहीद दिवस पर पुलिस परेड ग्राउंड बूंदी में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, जसवीर मीणा, व अन्य पुलिस अधिकारी, जवान एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
समारोह में शहीदों को शस्त्र और शीश झुका कर नमन किया गया, वहीं पुलिस बल द्वारा दो राउंड फायरिंग कर शहीदों को सलामी दी गई। पुलिस अधीक्षक मीणा ने इस वर्ष शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उन्हें नमन किया और कहा कि “हमारे ये वीर सपूत पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं के प्रतीक हैं, जिनसे हमें सदा प्रेरणा मिलती रहेगी।”
शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण और रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पुलिस विभाग की ओर से 8 यूनिट रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया गया।
समारोह में निरीक्षक बहादुर सिंह के नेतृत्व में सम्मान गार्ड ने शोक शस्त्र कर दिवंगत आत्माओं के प्रति दो मिनट का मौन रखा। पुलिस बैंड द्वारा “लास्ट पोस्ट” की धुन बजाई गई, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
अंत में, पुलिस स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर सभी शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी, थाना प्रभारियों, पुलिसकर्मियों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों ने शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।