डीडवाना: जिला मुख्यालय के रहमान गेट से पुष्कर हाईवे मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सीमेंट के केमिकल से भरा ट्रक, जो मुंडवा की ओर से गुड़गांव की तरफ जा रहा था, हाईवे पर बने एक तेज़ घुमाव के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में ट्रक चालक वसीम (25 वर्ष), निवासी डीग भरतपुर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद पायलट राकेश बिजारणियां और ईएमटी अमरसिंह प्रजापत मौके पर पहुंचे और घायल चालक को राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल, डीडवाना पहुंचाया।
चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि ट्रक पलटने से पुष्कर हाईवे पर कुछ देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।